गणाई गंगोली(पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग के प्राथमिक विद्यालय नायल में चोरों के हौसले बुलंद हैं। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूल खुलने पर वहां एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। चोरों ने स्कूल के ताले तोड़कर मिड-डे मील का राशन, बर्तन और अन्य कीमती सामान पार कर दिया। प्रधानाध्यापिका लीला बोरा ने इस संबंध में बेड़ीनाग थाने में तहरीर दी है।
इस विद्यालय में चोरी की यह चौथी घटना है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्राम प्रधान निर्मला देवी सहित स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। वहीं, पुलिस उपाधीक्षक गोविंद बल्लभ जोशी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही चोरों को पकड़ने का दावा किया है।