बुंगाछीना-कुसैल सड़क में रसैपाटा और खनपर के मध्य स्क्रबर पर पड़ा गड्ढा।
- फोटो : पिथौरागढ़
शक्तिपीठ मां चंडिका के दरबार के लिए बनी ऋण-कुसैल सड़क दुर्दशा का शिकार हो गई है। करीब 20 किमी लंबी इस सड़क पर 17 किमी हिस्से में डामरीकरण नहीं हुआ है। क्षतिग्रस्त स्क्रबर और गड्ढों से दुर्घटना का अंदेशा बना हुआ है।
वर्ष 2009 में 1.44 करोड़ लागत की ऋण- रसैपाटा सड़क मंजूर की गई। इस सड़क में मात्र तीन किमी हिस्से में अब तक डामरीकरण हुआ है। सड़क का यह हिस्सा लोक निर्माण विभाग के पास है। इसी सड़क को विस्तार देते हुए 2013-14 में 9.365 किमी लंबी, 4.52 करोड़ रुपये लागत की बुंगाछीना-कुसैल सड़क को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से मंजूरी मिली। सड़क का निर्माण लोक निर्माण विभाग के सिंचाई खंड ने किया। इस सड़क पर रसैपाटा और खनपर के बीच खनारपानी नामक स्थान में स्क्रबर में गड्ढा हो गया है। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने कहा कि सड़क में 7461 मीटर कच्ची और 1205 मीटर पक्की नालियों का निर्माण होना था। निकास नाली नहीं बनी है। मां चंडिका के धाम को जाने वाली सड़क की दशा नहीं सुधारी गई तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर आंदोलन छेड़ा जाएगा।
बुंगाछीना-कुसैल सड़क पर मानक के अनुसार सड़क की कटिंग नहीं की गई है। इस कारण सड़क में भारी वाहनों का संचालन नहीं हो पाता। सड़क पर केवल हल्के वाहन चलते हैं। कई स्थानों पर तो सड़क इतनी संकरी है कि हल्के वाहन भी पास नहीं ले सकते।
बुंगाछीना-कुसैल सड़क में डामरीकरण के लिए टेंडर लग चुके हैं। चुनाव आचार संहिता के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो पा रहा है। आचार संहिता हटते ही डामरीकरण का कार्य कराया जाएगा। ऋण बिछुल-रसैपाटा सड़क पर डामरीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। जल्द ही पूरी सड़क पक्की हो जाएगी।
- केके जोशी सहायक अभियंता लोनिवि सिचाई खंड पिथौरागढ़