मुनस्यारी के खलियाटॉप में हुआ हिमपात। संवाद
पिथौरागढ़/मुनस्यारी। मौसम ने बुधवार को करवट बदली। हिमालय की उच्च चोटियों के साथ ही मुनस्यारी के खलियाटॉप तक हिमपात हुआ। इसके अलावा नाचनी, डीडीहाट, अस्कोट सहित कुछ अन्य क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी हुई। ऊंची चोटियों पर हिमपात से ठंड बढ़ गई है।
जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही हल्के बादल छाए रहे। बाद में बादल तो छंट गए लेकिन धुंध छाई रही। उधर धारचूला और मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर जहां हल्का हिमपात हुआ वहीं निचले इलाके में बूंदाबांदी हुई।
मंगलवार की रात को पाला पड़ने से बुधवार की सुबह कड़ाके की ठंड रही। हालांकि गुनगुनी धूप खिली लेकिन उससे कोई खास राहत नहीं मिली। धुंध से हिमायल की चोटियां ओझल रहीं। यह धुंध अस्कोट, डीडीहाट, कनालीछीना, नाचनी, बंगापानी सहित अन्य जगहों पर भी दिखाई दी।
दोपहर बाद मुनस्यारी की ऊंची चोटियों हंसलिंग, राजरंभा, पंचाचूली, नाग्निधुरा, छिपलाकेदार में हिमपात हुआ। मुनस्यारी के खलियाटॉप पर भी बर्फबारी हुई। इसके अलावा मुनस्यारी तहसील मुख्यालय और आसपास के इलाकों के साथ ही नाचनी और बंगापानी में हल्की बूंदाबांदी हुई। इधर डीडीहाट और अस्कोट में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम के करवट बदलने से लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से बचने को लोग आग का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार को भी निचले इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। संवाद