फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand News: घास काटने जंगल जा रही महिला पर तेंदुए ने किया हमला, मुंह और हाथों पर लगाने पड़े 12 टांके

Fri, 28 Nov 2025 05:07 PM IST
हीरा मेहरा अमर उजाला नेटवर्क, पिथौरागढ़

सार

मिर्थी में साथियों के साथ घास काटने जंगल जा रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। अन्य महिलाओं ने हौसले से अपनी साथी की जान बचाई।
विज्ञापन
Leopard attacks woman - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

डीडीहाट के मिर्थी में साथियों के साथ घास काटने जंगल जा रही एक महिला पर तेंदुए ने हमला कर दिया। अन्य महिलाओं ने हौसले से अपनी साथी की जान बचाई। हालांकि घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं और उसके मुंह और हाथों में 12 टांके लगाने पड़े। दिन-दहाड़े हुए तेंदुए के हमले की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत है।

जानकारी के मुताबिक तहसील मुख्यालय से पांच किलोमीटर दूर मिर्थी गांव की महिलाएं सुबह करीब 10 बजे घास काटने रामलीला मैदान से नीचे स्थित जंगल की ओर जा रहीं थीं। इस दौरान समूह में सबसे आगे चल रहीं भागीरथी देवी पत्नी लक्ष्मण सिंह पर झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। भागीरथी भी हौसला दिखाते हुए तेंदुए से भिड़ गईं। साथी महिलाएं भी शोर मचाते हुए उसकी तरफ दौड़ीं तो तेंदुआ भाग गया और भागीरथी की जान बच गई। हालांकि तेंदुए ने भागीरथी देवी के मुंह और हाथों पर पंजों और दांतों से वार कर गहरे घाव कर दिए। लहूलुहान भागीरथी को ग्रामीण तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डीडीहाट ले गए जहां उनका इलाज किया गया।

डॉ. बीएस मेहरा ने बताया कि उनके मुंह में सात और हाथों में पांच टांके लगाए गए हैं। उनकी हालत अब खतरे से बाहर है। घटना की जानकारी मिलने पर नगर पालिकाध्यक्ष डीडीहाट गिरीश चुफाल, ब्लाॅक प्रमुख नरेंद्र धामी और एसडीएम खुशबू पांडे ने अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना और हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस घटना से पूरे क्षेत्र के लोगों में दहशत है। एसडीएम खुशबू पांडे ने वन विभाग को क्षेत्र में गश्त करने और घायल महिला को मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं।

आए दिन क्षेत्र में नजर आ रहा है तेंदुआ

विज्ञापन

मिर्थी और इसके आसपास के क्षेत्र में आए दिन तेंदुआ नजर आ रहा है। लोगों के अनुसार यहां आए दिन तेंदुआ सड़कों के किनारे या यहां से गुजरते हुए नजर आ रहा है। वन विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि ठंड बढ़ने से खाने की तलाश में तेंदुए आबादी क्षेत्र की ओर रुख कर रहे हैं। वन विभाग ने लोगों से जंगल जाने और घूमने-फिरने जैसे अन्य काम समूह में करने की अपील की है।

पीड़ित महिला को जल्द मानकों के अनुसार मुआवजा राशि दी जाएगी। वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त करेगी। यह वास्तव में थोड़ा आश्चर्य की बात है कि तेंदुए ने समूह में जा रही महिलाओं पर हमला किया। ठंड बढ़ने से तेंदुए भोजन की तलाश में आबादी क्षेत्र का रुख कर रहे हैं। लोगों को भी सतर्कता बरतनी होगी। - एसएस रावत, वन क्षेत्राधिकारी, डीडीहाट

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें