लूटाधूरा को रवाना होता पर्वतारोहियों का दल
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन ने आखिरकार मिलम ट्रैकिंग रूट पर जाने की अनुमति दे दी है। इससे पहले पांच विदेशी अनुमति न मिलने के कारण यहां से लौट गए थे। इस मुद्दे को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। मंगलवार को मिलम ट्रैैकिंग के लिए विदेशी ट्रैैकर और लाटूधूरा पर्वतारोहण के लिए पांच सदस्यों का दल निकला है।
मिलम ट्रैकिंग पर जाने के लिए अब तक प्रशासन खराब रास्ते का हवाला देकर अनुमति नहीं दे रहा था। इससे पहले पांच विदेशियों को अनुमति नहीं मिली थी। मिलम के लिए मंगलवार को विदेशी ट्रैकर रूस निवासी इगोर और लाटूधूरा पर्वतारोहण के लिए कुल पांच लोग रवाना हुए। नंदादेवी टूर एंड ट्रेवल्स के स्वामी वीरू बुग्याल ने मिलम जाने वाले दल को रवाना किया। वीरू ने बताया कि अब मिलम के लिए अन्य दल भी जाते रहेंगे। कई लोगों ने मिलम ट्रैकिंग पर जाने की इच्छा जताई है। यह दल 6389 मीटर ऊंचे लाटूधूरा पर चढ़ने का प्रयास करेंगे।
अभी तक इस चोटी पर कोई भी पर्वतारोही दल नहीं पहुंचा है। यह दल लीलम, बोगड्यार, रिलकोट, गनघर होते हुए पाछू में बेस कैंप बनाएगा। दल में शिमला के पर्वतारोही भारतभूषण, भीमताल के कर्ण कौशिक के साथ बंगलूरू की जूही त्यागी, उत्तराखंड के कमल सिंह, आईआईटी कानपुर के तुषार सिंह शामिल हैं। यह लोग अपने साथ एक खोजी कुत्ते को भी लेकर गए हैं। प्रशासन ने दोनों दलों को विधिवत अनुमति दे दी।