रेगडू के दशहरा महोत्सव में कार्यक्रम प्रस्तुत करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
बाराकोट विकासखंड में रेगड़ू महोत्सव की धूम मची हुई है। कुमाऊं लोक सांस्कृतिक कला दर्पण के कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। शनिवार को कई गांव के जत्थे रेगड़ू के शिव मंदिर पहुंचे। जिन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ राज्य सभा सांसद महेंद्र सिंह माहरा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
महोत्सव समिति के अध्यक्ष दरबान सिंह मेहता की अध्यक्षता और चंद्रकांत खोलिया के संचालन में हुए सांस्कृतिक संध्या में यूनिवर्सल कान्वेंट स्कूल के छात्रों ने अंगद-रावण संवाद की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों की वाहवाही लूटी। दोनों के बीच हुए संवाद को दर्शकों ने सराहा। लोक सांस्कृतिक कला दर्पण लोहाघाट के दल नायक भैरव राय के नेतृत्व में कलाकारों ने ओ नंदा सुनंदा तू देंण है जाए वंदना से कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कलाकारों ने लाली हो लाली हौंसिया, पधानी लाली तीलै धारो बोला, गोरख्या चेली भागुली हौंसिय बाना तीलै धारो बोला गीत पर दर्शक अपने स्थानों में थिरकने लगे।
कलाकारों ने कुमाऊंनी, गढ़वाली, पंजाबी आदि गीतों की उम्दा प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा। बेहतरीन प्रस्तुतियों पर दर्शक तालियों की गड़गड़ाहट के साथ कलाकारों का उत्साह बढ़ा रहे थे। शनिवार सुबह से ही शिव मंदिर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। अपरान्ह बाद तल्ली छंदा, खकोड़ा और चाक से देवडांगर अवतरित होकर मंदिर पहुंचे। जहां उन्होंने श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
दौड़ में नंबर वन बने गोपाल
महोत्सव के दौरान शनिवार को खेलकूद प्रतियोगिताएं भी हुईं। 500 मीटर दौड़ में गोपाल सिंह ने पहला, गणेश सिंह ने दूसरा और नवीन जोशी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।