कुमाऊं विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाएं सोमवार से शुरू हो गई हैं। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय स्थित परीक्षा केंद्र में आज पहले दिन स्नातक स्तर पर सैन्य विज्ञान की परीक्षा हुई। प्रथम पाली में सैन्य विज्ञान बीए और बीएससी प्रथम वर्ष में 142 परीक्षार्थी शामिल हुए। जबकि दूसरी पाली में सैन्य विज्ञान बीए और बीएससी द्वितीय वर्ष के मात्र 37 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
प्राचार्य डा. डीएस पांगती ने बताया कि अभी प्रवेश पत्र वितरण हो रहा है। मुख्य विषयों की परीक्षाएं 11 अप्रैल से ही शुरू होंगी। उन्होंने बताया कि इस बार 3500 संस्थागत और 5000 व्यक्तिगत परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन लाने में पूरी रोक है। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए आंतरिक उड़नदस्ता गठित किए गए हैं। डा. अजय शुक्ल को उड़नदस्ता संयोजक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि परीक्षाएं 12 जून तक संचालित होंगी।