कमला ओझा के किचन गार्डन में लहरा रहे हैं फलों के पेड़। अमर उजाला
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ शहर के बैंक रोड में कमला ओझा ने भवन की छत पर बगिया बनाई है। उनकी बगिया में संतरा, अमरूद फलों के साथ ही फूल और जड़ीबूटियों की तमाम प्रजातियां हैं। वह छत पर पर्याप्त मात्रा में सब्जी भी उगा रही हैं।
जिला मुख्यालय के बैंक रोड स्थित ओझा भवन की छत किसी बगिया का सा एहसास कराती है। देखने वालों का मन लुभाती है। कमला ओझा की छत पर बनी बगिया में संतरा, अमरूद, बड़े नीबू (चूख) के पेड़ फल दे रहे हैं तो फूलों की तमाम प्रजातियां और शो प्लांट बगिया की शोभा बढ़ा रहे हैं। बगिया में अश्वगंधा, आज्वाइन, गिलोय, गुर्जी, पत्थरचट्टा आदि जड़ी-बूटियां भी हैं। पालक, मूली, धनिया, मेथी, मूली आदि सब्जी भी वह छत पर ही उगा रही हैं।
पिछले पांच वर्षों में मैंने छत पर बगिया बनाई है। इस काम में पति मनोज ओझा पूरा सहयोग देते हैं। घर की बगिया से ताजी सब्जी खाने को मिल जाती है। वातावरण शुद्ध रहता है। हरीभरी छत सुकून देती है। हालांकि इसमें काफी मेहनत लगती है और काफी देखरेख करनी पड़ती है। - कमला