पिथौरागढ़। सीमांत जिले में काली नदी रौद्र रूप में बह रही है। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन ने नदी तट पर रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
काली नदी चेतावनी स्तर 889 मीटर से 889.30 मीटर पर बह रही है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी रीना जोशी ने नदी किनारे वाले क्षेत्रों में आवागमन नहीं करने, खतरे के निकट स्थित परिवारों को ऊपरी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए चेतावनी प्रसारित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जल स्तर बढ़ने पर धौलीगंगा जलाशय से अतिरिक्त पानी छोड़ने पर परस्पर सूचनाएं साझा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सिंचाई विभाग को धारचूला, बलुवाकोट, जौलजीबी, बगड़ीहाट, पीपली, झूलाघाट, तालेश्वर आदि तटों पर टीम तैनात करने के भी निर्देश दिए।
बारिश से थल और नाचनी में दो मकानों को नुकसान
थल/नाचनी/ पिथौरागढ़। मूसलाधार बारिश से थल तहसील के चौंसाला गांव में लक्ष्मण सिंह कार्की के आंगन की दीवार भरभरा कर गिर गई। इससे आठ कमरों के मकान को खतरा हो गया है। पीड़ित ने इसकी सूचना कोटगाड़ी पट्टी के राजस्व उप निरीक्षक प्रमोद सिंह कार्की के साथ आपदा प्रबंधन को दी है। उन्होंने आपदा प्रबंधन विभाग से आंगन की दीवार बनाए जाने की मांग की है।
उधर नाचनी के बेडूमहर गांव में आंगन दरकने से गोमती देवी का मकान खतरे की जद में आ गया है। प्रेम सिंह की गोशाला क्षतिग्रस्त हुई है। सैंणराथी से खेता तक सड़क जगह-जगह मलबा पटने से बंद हो गई है। पंचायत घर का पैदल मार्ग भी क्षतिग्रस्त हुआ है। प्रधान जगदीश मेहता ने क्षति की सूचना तेजम तहसील के आपदा केंद्र में दर्ज करा दी है। गौला गांव के गंगा सिंह मेहता ने बताया कि आबादी से लगे क्षेत्र में लगातार भूस्खलन हो रहा है। थल-मुनस्यारी सड़क हरड़िया के नया बस्ती में 14 घंटे बंद रहकर शुक्रवार आठ बजे यातायात के लिए खुली। रामगंगा, जाकुला और भुजगड़ नदियों के साथ ही नाले, गधेरे उफान पर चल रहे हैं। संवाद
कहां कितनी बारिश
तेजम 131 मिमी
बंगापानी 80 मिमी
धारचूला 58.80 मिमी
मुनस्यारी 41 मिमी
कनालीछीना 37 मिमी
पिथौरागढ़ 26 मिमी
डीडीहाट 14.60 मिमी
-
थल-मुनस्यारी सड़क तीन दिन से बंद
मुनस्यारी। थल-मुनस्यारी सड़क बनिक के पास भारी मलबा आने से तीन दिन से बंद है। इसके चलते मुनस्यारी आवागमन करने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क मदकोट, बंगापानी के बीच घिंघरानी में मलबा आने से बंद हुई है। कैंठी में पेड़ सड़क पर गिर गया। मदकोट-बोना सड़क पर स्थित पुल खतरे की जद में आ गया है। सड़क टूटने से आवागमन भी बाधित है। संवाद
-
बोना में मकान खतरे की जद में
मुनस्यारी। ग्राम सभा बोना में भूस्खलन के चलते त्रिलोक राम का मकान खतरे की जद में आ गया है। लगातार हो रही बारिश से जमीन धंस रही है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विक्रम दानू ने एसडीएम से राजस्व टीम भेजकर प्रभावित परिवार को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने की मांग की है। संवाद
देवीबगड़ में भूकटाव से कई मकानों को खतरा
पिथौरागढ़। बंगापानी तहसील के वल्थी ग्राम पंचायत के देवीबगड़ तोक में भूस्खलन से 40 से अधिक परिवार खतरे की जद में आ गए हैं। भाजपा के बुनकर प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विजय सिंह राणा ने डीएम को ज्ञापन भेज कर कहा कि मदकिनी नदी का रुख गांव की ओर हो गया है। उन्होंने नदी का डाइवर्जन किए जाने की मांग की। उधर गोल्फा में भी भूस्खलन से काफी क्षति हुई है। संवाद
-
सड़कें न खोली गईं तो होगा आंदोलन
मुनस्यारी। मुनस्यारी ब्लाॅक के मदकोट से वल्थी, डोल्मा, निर्तोली, झापुली, तोमिक, बौना धारखेत, राप्ती, गैला, को जोड़ने वाला मोटर मार्ग देवीबगड़ में क्षतिग्रस्त है। एक माह बीतने के बाद भी अभी तक मलबा नहीं हटाया गया है। यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम दानू ने शीघ्र मलबा नहीं हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संवाद
-
चौंसाला-नौलड़ा सड़क पर टूटा कलवर्ट
थल (पिथौरागढ़)। बारिश से चौंसाला-नौलड़ा की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क बंद हो गई है। कोटगाड़ी से कुछ दूर चन्याटी के पास सड़क पर बृहस्पतिवार रात काफी मात्रा में मलबे के साथ पेड़ गिर गए। इससे चार किमी आगे छोलगाड़ के पास बनाया गया कलवर्ट क्षतिग्रस्त हो गया। सड़क के बीचोंबीच करीब पांच फुट का हिस्सा टूट गया। इससे शुक्रवार को सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। सड़क के बंद होने से चौंसाला, लेग, भट्टीगांव, मड़ गांव का पांखू के साथ ही थल तहसील से संपर्क टूट गया है। संवाद