कैलास मानसरोवर यात्रा की फाइनल तैयारी बैठक अगले सप्ताह होगी, जिसमें जिला प्रशासन, आईटीबीपी, कुमाऊं मंडल विकास निगम के अधिकारी भाग लेंगे। प्रशासनिक सूत्रों ने बताया कि जिलाधिकारी एचसी सेमवाल की अध्यक्षता में होने वाली बैठक में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। बैठक की तिथि जल्दी घोषित की जाएगी।
इससे पहले कैलास मानसरोवर यात्रा की तैयारी को लेकर दिल्ली में बैठक हो चुकी है। बताया गया कि बैठक में यात्रा पड़ावों पर सामग्री पहुंचने, पोनी, पोर्टर्स की संख्या, आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर की व्यवस्था, यात्रा मार्ग पर पुलिसकर्मियों की तैनाती जैसे विषयों पर चर्चा होगी। कैलास यात्रा का प्रथम दल 12 जून को धारचूला पहुंचेगा। प्रशासन उससे पहले सारी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कर लेगा।
उधर, आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मुख्यालय मिर्थी में यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इधर, संभावना जताई जा रही है कि कैलास मानसरोवर यात्रियों के प्रथम दल को आधार शिविर धारचूला से आगे रवाना करने के लिए मुख्यमंत्री हरीश रावत यहां आ सकते हैं। प्रशासन इस नजरिए से भी तैयारी में लगा हुआ है।