टनकपुर (चंपावत)। पावन कैलाश मानसरोवर यात्रा के नौवें दल के शिवभक्त हर हर महादेव के जयघोष के साथ पर्यटक आवास गृह से अगले पड़ाव धारचूला के लिए रवाना हुए। एआरटीओ मनोज बगौरिया ने दल को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने शिव धाम यात्रा की मंगल कामना की।
नौवें दल के 48 शिवभक्त बुधवार की शाम को टीआरसी पहुंचे थे। शिवभक्तों का उत्तराखंड की संस्कृति तिलक और फूलमाला से स्वागत किया गया। देर शाम तक शिवभक्त कुमाऊंनी लोक गीतों पर जमकर थिरकते रहे। रात्रि विश्राम के बाद बृहस्पतिवार को यात्री अगले पड़ाव के लिए रवाना हुए। टीआरसी के मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि अब दसवां और इस वर्ष की यात्रा का अंतिम दल नौ अगस्त को टनकपुर पहुंचेगा। इस मौके पर पर्यावरण संरक्षण समिति अध्यक्ष दीपा देवी समेत केएमवीएन के अनेक अधिकारी, कर्मी मौजूद रहे।