चंपावत। डीएम मनीष कुमार ने बृहस्पतिवार को समाज कल्याण विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
बैठक में वृद्धावस्था, दिव्यांग पेंशन और छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं की प्रगति जांची गई। डीएम ने लंबित आवेदनों के जल्द निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहना चाहिए। प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना (पीएम-अजय) समेत अन्य योजनाओं के प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी आरएस सामंत ने बताया कि जिले में 17,532 लाभार्थियों को वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। उन्हें हर माह 1500 रुपये मिलते हैं। वहीं, 3,712 दिव्यांग विभिन्न पेंशन और कल्याण योजनाओं का लाभ ले रहे हैं।