झूलाघाट में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन करते उपभोक्ता
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल सीमा पर स्थित झूलाघाट और गौरीहाट कस्बे समेत आसपास के सैकड़ों गांवों में 72 घंटे से बिजली सप्लाई ठप है। आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को विद्युत विभाग के अधिकारियों का पुतला फूंका। घाटी वाले इस इलाके में बिजली सप्लाई ठप होने से लोगों का जीना दूभर हो गया है। कहा गया कि झूलाघाट की बिजली सप्लाई अक्सर खराब होती रहती है। महीने में चार-पांच दिन लोगों को संकट झेलना पड़ता है।
घाटी वाले इस इलाके में बिजली सप्लाई ठप होने से व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है। बताया गया कि पिथौरागढ़ से आने वाली बिजली की लाइन में फाल्ट आने से 21 जून से पूरे इलाके की बिजली सप्लाई ठप हो गई। लोगों में विधायक विशन सिंह चुफाल के प्रति भी भारी गुस्सा है। कहा कि चुफाल को चुनाव के समय लोगों ने भारी समर्थन दिया था, लेकिन अब वह समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
उपभोक्ताओं की मांग है कि झूलाघाट तक बिजली की लाइन की नए सिरे से मरम्मत की जाए और प्लास्टिक कवर वाली लाइन बिछाई जाए। पुतला फूंकने वालों में संजय पंगरिया, नौशाद अहमद, अशोक पंगरिया, हेमंत कुंवर, अमित कुंवर, गणेश नाथ, कृश कुंवर आदि मौजूद थे। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता पवन सिंह का कहना है कि सब स्टेशन में खराबी आने के कारण यह समस्या आई थी। इसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है।