फुटबाल मैच खेलने को तैयार दोनों टीमों के खिलाड़ी
- फोटो : अमर उजाला
स्व. प्रेम सिंह टोलिया चल बैजयंती फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ राजकीय इंटर कॉलेज के खेल मैदान में किया गया। उद्घाटन मुकाबले में जेएमएस ने डीएससी को हराकर मुकाबला जीता।
10 वर्षों से आयोजित फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष कविंद्र शाही ने किया। पहला मुकाबला जेएमएस फुटबाल क्लब और डीएससी क्लब के बीच हुआ। पहले हाफ तक के मुकाबले में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दूसरे हाफ में जेएमएस के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाकर मुकाबला 5-0 से जीता। जेएमएस की ओर से राहुल ने तीन गोल और दिवाकर ने 2 गोल किए।
मैच रेफरी पंकज टोलिया, लाइनमैन पवन टोलिया, बृजमोहन शर्मा और स्कोरर भूपेंद्र थे। डीडीहाट यूथ सोसाइटी द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में 12 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता के प्रायोजक स्व. प्रेम सिह टोलिया के पुत्र पंकज टोलिया ने प्रतियोगिता में शामिल टीमों का स्वागत किया। प्रतियोगिता संपन्न कराने में किशोर जंगपागी, संजू पंत, भूपेंद्र पंवार सहयोग दे रहे हैं।