पिथौरागढ़। पुलिस ने नगर में डीजल-पेट्रोल चुराने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने घटना में लिप्त पांच आरोपियोें को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 25 केन में भरा 800 लीटर डीजल भी बरामद कर लिया है। एसपी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।
बृहस्पतिवार देर रात एसओजी और पुलिस की संयुक्त टीम तेल चोर गिरोह को पकड़ने के लिए नगर में चेकिंग अभियान चलाया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एंचोली से आगे जाख पुरान की ओर जाने वाले तिराहे के पास चेकिंग की । रात 12.00 बजे गुरना की ओर से आ रहे अल्टो (यूके 05टीए 2830) को रोककर चेक किया।
अल्टो में बैठे सूरज सिंह नेगी (20) निवासी ग्राम सेरा राड़ीखूटी, विजय सिंह सामंत (18) निवासी ग्राम डाकुड़ा, ऋषभ टम्टा (22) निवासी जगतड़ , संतोष बिष्ट (23) निवासी नखनौली बुंगाछीना, नवीन कुमार (19) निवासी फुलैनी बुंगाछीना से पूछताछ की। उन्होंने डीजल चोरी करने की बात को कबूल किया। ग्यारदेवी निवासी सूरज अधिकारी उर्फ गौरी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। एसपी प्रीति प्रियदर्शनी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये की नगद धनराशि देकर सम्मानित किया। पुलिस टीम में कोतवाल रमेश तनवार, थानाध्यक्ष जाजरदेवल हेम चंद्र तिवारी, वरिष्ठ उप निरीक्षक महेश चंद्र , एसआई जावेद हसन, एसआई हरजीत, एसओजी मनमोहन भंडारी, संदीप चंद मौजूद रहे।
लंबे समय से नगर में डीजल-पेट्रोल चोरी की घटनाओं को दे रहे थे अंजाम
पिथौरागढ़। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि है वो लंबे समय से तेल चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने सूरज अधिकारी के साथ मिलकर जाजरदेवल, सातशिलिंग, कुमौड़ तिराहा, भदेलवाड़ा फील्ड, गुरना मंदिर, डॉट पुलिया टकाना, एपीएस स्कूल के पास खड़े जेसीबी, पोकलैंड, टिप्पर, अन्य वाहनों से रात में डीजल चोरी करते रहे हैं। सिद्धेश्वर मंदिर के आगे कलमठ के नीचे डीजल को छुपाकर रखा है। पुलिस ने मौके पर जाकर 25 केनो से 800 लीटर डीजल बरामद किया। संवाद
अमर उजाला ने 19 अगस्त को प्रकाशित की थी खबर
पिथौरागढ़। अमर उजाला ने 19 अगस्त को तीन पोकलैंड और दो जेसीबी मशीन से डीजल चोरी शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने टीम का गठन कर गिरोह को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही थी।