पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में लोगों को जाम की समस्या से निजात नहीं मिल रही है। कुछ लोगों की लापरवाही के कारण नगरवासियों को जाम से जूझना पड़ रहा है। लोग सड़कों पर वाहन आड़े-तिरछे पार्क कर रहे हैं। इससे यातायात व्यवस्था बिगड़ रही है।
रविवार रात दो लोग केएमओयू स्टेशन के पास सड़क पर निर्धारित जगह से अलग वाहन खड़े कर चले गए। इससे रोडवेज स्टेशन से लिंक रोड और टकाना तक आधे घंटे तक जाम लग गया। दो सौ से अधिक जाम में फं से रहे। दो लोगों की लापरवाही के कारण सड़क पर लंबा जाम लग गया। इस दौरान राहगीरों को भी परेशानी हुई। बाद में दो यातायात पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर जाम को किसी तरह खुलवाया।
नशे में कार चला रहे एक व्यक्ति ने वाहनों को मारी टक्कर
पिथौरागढ़। सोमवार शाम नशे की हालत में कार चला रहे एक व्यक्ति ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। इस दौरान लोगों ने भागकर जान बचाई। इससे टकाना रोड पर कुछ समय तक अफरातफरी रही। स्थानीय लोगों ने कार चला रहे व्यक्ति को पकड़ लिया। टीएसआई दरबान सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस नशे में धुत व्यक्ति और उसकी कार को थाने ले गई। टीएसआई ने बताया कि यातायात नियमों का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।