गुरना मंदिर के आगे सुरक्षा के लिए लगाई लोहे की बड़ी चादरों को कार्य पूरा होने के बाद हटा दिया है।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। बारहमासी सड़क में गुरना मंदिर के पास कार्यदायी संस्था ने चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर दिया है। कटिंग के दौरान मंदिर को कोई नुकसान न हो इसके लिए मंदिर को लोहे की बड़ी चादरों से ढक दिया था। इसके चलते यात्री दर्शन नहीं कर पा रहे थे।
सोमवार को गुरना मंदिर के पास सड़क चौड़ीकरण का कार्य पूरा होते ही कार्यदायी संस्था एनएच खंड ने मंदिर की सुरक्षा के लिए लगाई लोहे की बड़ी चादरों को हटा दिया है। एनएच प्रबंधन ने चौड़ीकरण के दौरान मंदिर की सुरक्षा के लिए मंदिर को लोहे की बड़ी चादरों से ढक दिया था। इससे पहाड़ी से गिरने वाले बोल्डरों से मंदिर पूरी तरह से सुरक्षित रहा। लोहे की चादरों को हटाने के बाद अब यात्री आसानी से गुरना मंदिर के दर्शन कर पाएंगे। एनएच के ईई बीएल चौधरी ने बताया कि मंदिर के पास चौड़ीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। बाकी बचे काम को भी कार्यदायी संस्थाएं तेजी से कर रही हैं।