पिथौरागढ़। समाज कल्याण विभाग और स्वास्थ्य विभाग जिले के दिव्यांगों के यूडीआईडी (विशिष्ट पहचान पत्र) बनाएगा। दिव्यांग लोगों के यूडीआईडी कार्ड बनने के बाद उन्हें भारत और राज्य की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ मिलेगा। कार्ड बनाने के लिए प्रत्येक विकासखंड में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में भी कार्ड बनाए जाएंगे।
पिथौरागढ़ जिले में समाज कल्याण विभाग से करीब 3500 दिव्यांग लोग पेंशन आदि योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इससे पहले राज्य सरकार ने दिव्यांग लोगों के कार्ड बनाए हैं, लेकिन अब भारत सरकार सभी दिव्यांग लोगों के कार्ड बनाएगी। भारत सरकार की ओर से बनने वाले यूडीआईडी कार्ड से दिव्यांग लोगों को गाड़ियों, ट्रेन, बस, हवाई सेवा में छूट मिलेगी।
भारत सरकार की ओर से संचालित योजनाओं का लाभ भी मिलेगा। समाज कल्याण और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से दिव्यांग लोगों के यूडीआईडी कार्ड बनवाएगा। कार्ड बनाने के लिए मुनस्यारी विकासखंड में 26 नवंबर, डीडीहाट में 27 नवंबर, कनालीछीना में पांच दिसंबर, गंगोलीहाट में सात दिसंबर, बेड़ीनाग में आठ दिसंबर, धारचूला में 15 दिसंबर, विण में 21 दिसंबर, मूनाकोट में 22 दिसंबर को शिविर लगाया जाएगा।