झूलाघाट/मूनाकोट। मूनाकोट ब्लॉक के मल्ली गौरीहाट में विवाहिता की आत्महत्या के मामले में एफआईआर दर्ज हो गई है। पिता की तहरीर के बाद पुलिस आत्महत्या के लिए उकसाने में धारा 306 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है।
रविवार को गौरीहाट में ज्योति का शव पेड़ से लटका मिला था। मृतका के पिता चमाली निवासी दीवान सिंह ने झूलाघाट थाने में दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी का विवाह 2010 में गौरीहाट निवासी नवीन सिंह धारियाल से हुआ, जो शादी के बाद से ही उनकी बेटी को मारता पीटता था। इससे तंग आकर बेटी ने 20 मार्च 2022 को फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या जैसा बड़ा कदम उठाने से पहले उनकी बेटी ने एक ऑडियो चचेरे भाई पंकज सिंह को भेजा था। ऑडियो में उनकी बेटी रो-रोकर पति और गांव की अन्य महिलाओं पर उसका उत्पीड़न करने का आरोप लगा रही थी। पिता ने बेटी का जारी ऑडियो पैन ड्राइव के माध्यम से पुलिस को दिया है। सीओ महेश चंद्र जोशी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर के बाद धारा 306 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।