चंपावत। जिले में मंगलवार सुबह से बारिश का दौर जारी है। जिला मुख्यालय समेत सभी तहसील क्षेत्रों में वर्षा होने से मौसम ठंडा हो गया है। पिछले 24 घंटे में चंपावत में सबसे अधिक 105 मिमी बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में चंपावत तहसील में 105 मिमी, लोहाघाट में 23 मिमी, पाटी में पांच मिमी, टनकपुर में 15 मिमी और बनबसा में 23 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
जिला मुख्यालय चंपावत, लोहाघाट, पाटी, बाराकोट और टनकपुर में मध्यम बारिश हुई। वहीं बनबसा में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। बारिश के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है। इधर भारी बारिश के अलर्ट के बाद भी स्कूलों की छुट्टी का आदेश सुबह छह बजे जारी किया गया। भारी बारिश के बीच स्कूल की तैयारियों में जुटे अभिभावकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह बच्चों के लिए नाश्ता तैयार कर अभिभावकों को जब छुट्टी का पता चला तो उन्होंने थोड़ी राहत ली लेकिन भारी बारिश के चलते अपने बच्चों को भी रोज की तरह जल्दी उठाना पड़ा। अभिभावक विपिन जोशी का कहना है कि जब अलर्ट होता तो छुट्टी समय पर दी जानी चाहिए। कई बच्चे दूर से स्कूल आते हैं।