पिथौरागढ़। जल जीवन मिशन योजना पर सवाल उठने के बाद जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने इनकी हर हाल में जीयो टैकिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हर घर नल से जल पहुंचाने की योजना में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा।
कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि हर घर तक स्वच्छ, सुरक्षित एवं नियमित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि योजना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं लक्ष्य के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि हर घर जल ग्राम प्रमाणीकरण एवं प्रधानमंत्री गति शक्ति पोर्टल पर केएमएल फाइल स्वीकृति के कार्यों में लगातार प्रगति दर्ज की जा रही है। कुछ योजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि यदि किसी अभियंता की ओर से निर्धारित समय सीमा में अपेक्षित प्रगति नहीं लाई जाती है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई होगी। उन्होंने सभी योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में अधीक्षण अभियंता जल संस्थान पीएस रावत, अधीक्षण अभियंता जल निगम आरएस धर्मशक्तू, अधिशासी अभियंता जल संस्थान सुरेश जोशी, जल निगम पीएन चौधरी आदि मौजूद रहे।