पिथौरागढ़। आदि कैलाश यात्रा के लिए 28 अप्रैल से इनर लाइन परमिट जारी होंगे। सिंगल विंडो सिस्टम से परमिट जारी किए जाएंगे। वहीं एक मई को शिव धाम के कपाट खुलेंगे और यात्री भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर सकेंगे।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में आदि कैलाश यात्री की तैयारी को लेकर डीएम आशीष भटगाईं ने बैठक की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना आवश्यक है। उन्होंने जिला पंचायत, जल निगम, जल संस्थान, पर्यटन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग के साथ ही एसएसबी और आईटीबीपी के अधिकारियों से यात्रा की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में शामिल भारत-चीन व्यापार समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गुंजी में पानी जबकि आदि कैलाश क्षेत्र में संचार सेवा की दिक्कत है। डीएम ने जल निगम, जल संस्थान और बीएसएनएल को यात्रा से पहले व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि इनर लाइन परमिट एसडीएम कार्यालय धारचूला से जारी किए जाएंगे। यात्रा से पहले एडीएम के नेतृत्व में टीम गुंजी क्षेत्र में जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेगी। यात्रा से पहले स्वास्थ्य, पेयजल सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
यात्रा में दिक्कत पैदा कर सकती है बदहाल सड़क
भारत-चीन व्यापार समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गर्ब्यांग से गुंजी तक सड़क बदहाल है। सड़क पर डामरीकरण नहीं हुआ है। हल्की बारिश में भी वहां जमा मलबे में वाहन फंस रहे हैं। ऐसे में यात्रा के लिए फोर-बाई-फोर वाहन ही सुरक्षित हैं। डीएम ने बीआरओ को यात्रा से पहले सड़क को दुरुस्त करने के साथ ही डेंजर जोन में जेसीबी सहित अन्य जरूरी मशीनरी और कर्मी तैनात करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग और टैक्सी यूनियन की होगी बैठक, किराया होगा तय
आदि कैलाश यात्रा के दौरान वाहन चालकों का यात्रियों से मनमाना किराया वसूलने की बात हर बार सामने आती है। ऐसे में यात्रा शुरू होने से पूर्व किराया तय करने का निर्णय लिया गया है। डीएम ने कहा कि जल्द ही परिवहन विभाग, प्रशासन और टैक्सी यूनियन की बैठक होगी। बैठक में सभी की रायशुमारी से किराया तय होगा। तय किराये से अधिक वसूलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।