नेपाल सीमा का निरीक्षण करते एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
नेपाल में चल रहे भारत विरोधी प्रदर्शन के बाद एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी है। एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी एनएस बिष्ट ने झूलापुल पुल का जायजा लिया और दोनों देशों के लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उधर, गोकुलेश्वर में युवाओं ने बसही गोरखपुर में पुल निर्माण के बाद हुए विवाद के विरोध में दो घंटे तक चक्काजाम किया और बैतड़ी में युवाओं ने भारत के विरोध में प्रदर्शन किया। अलबत्ता सीमा क्षेत्र की बाजारों में शांति बनी है और बाजार खुले हैं।
दो दिन पहले नेपाल के बसही में पुलिया निर्माण के बाद एसएसबी और नेपाली युवकों बीच बढ़े विवाद के दौरान हुई हवाई फायरिंग में एक नेपाली युवक की मौत हो गई थी। इसके बाद नेपाल के कई हिस्सों में भारत विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं। सीमा की सुरक्षा का जायजा लेने पहुंचे एसएसबी के द्वितीय कमान अधिकारी एनएस बिष्ट ने दोनों देशों के पुलिस अधिकारियों, व्यापार मंडल के अधिकारियों और ग्राम प्रधानों से मुलाकात की और लोगों से कहा कि सीमा पर शांति व्यवस्था बनाने में मदद करें। प्रत्येक व्यक्ति की तलाशी लेने के निर्देश दिए। किसी भी तरह का विवाद न होने दें।
हालांकि सीमा पर स्थित दोनों देशों की बाजारों में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं है। बाजार खुली हुई हैं लोग सीमा पुल पर आसानी से आ-जा रहे हैं। इस दौरान एसएसबी के उपनिरीक्षक जसवंत कुमार, एएसआई नरेंद्र प्रसाद भट्ट, नेपाल पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक चक्रदेव पांडे, झूलाघाट थाने के आन सिंह, महेश, व्यापार संघ के उपाध्यक्ष रमेश कलखुड़िया, नेपाल के जूलाघाट बाजार व्यवस्था के प्रमुख हेमंत थापा, ग्राम प्रधान सुरेंद्र आर्या आदि मौजूद थे।