झूलाघाट (पिथौरागढ़)। नेपाल सरकार ने भारत से लगने वाली सीमाओं को 15 नवंबर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है, जबकि चीन से लगने वाली दोनों सीमाओं को नेपाल ने खोल दिया है।
कोरोना महामारी के चलते भारत-नेपाल सीमा 22 मार्च से बंद है। सीमा बंद होने से सीमांत की दोनों देशों की मंडियों के व्यापारी आर्थिक तंगी से गुजर रहे हैं। दोनों देशों के व्यापारी अपनी सरकारों से पुल खोलने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन नेपाल सरकार अभी भी सीमा पुलों से आवाजाही को लेकर राजी नहीं है।
प्रधानमंत्री केपी ओली के आवास पर कैबिनेट की बैठक में 15 नवंबर तक फिर से सीमा पुलों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। विदेश मंत्री प्रदीप कुमार ग्यावली ने बताया भारत में कोविड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए अंतरराष्ट्रीय सीमाओं और उड़ान के लिए यथास्थिति बनाए रखने का निर्णय लिया गया है।