पिथौरागढ़ पोस्टमार्टम हाउस के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : pithauraagadh postamaartam haus ke baahar lagee bheed.
दौला क्षेत्र निवासी शिक्षिका की मौत के मामले में पिथौरागढ़ कोतवाली में मृतका के पति और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस क्षेत्राधिकारी आरएस रौतेला करेंगे।
सोमवार शाम दौला क्षेत्र निवासी शिक्षिका कामना को परिजन जिला अस्पताल लाए थे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद कामना के पिता कृष्णानंद भट्ट ने उसके ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि कामना के साथ उसकी सास का व्यवहार ठीक नहीं था। उन्होंने उसके पति नवीन कापड़ी पर भी विरोधाभाषी बात करने का आरोप लगाया।
कोतवाल पीएस नेगी ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति और सास के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतका का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के पैनल ने किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। इधर मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस में भारी भीड़ जुटी रही। पोस्टमार्टम के बाद मृतका का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कामना का विवाह चार वर्ष पहले हुआ था। उसकी एक बेटी है।