चंपावत। एजुकेशनल मिनिस्टीरियल आफीसर्स एसोसिएशन की जिला इकाई ने पदोन्नति प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने के विरोध में जिला मुख्यालय में दो दिनी क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। मंगलवार को शिक्षा भवन परिसर में पूर्व प्रांतीय संयुक्त मंत्री भूपेश देव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह तड़ागी और दिनेश नाथ क्रमिक अनशन में बैठे।
अनशन स्थल में हुई सभा में कर्मचारी नेताओं ने पदोन्नति प्रक्रिया शुरू नहीं किए जाने और विभागीय स्तर पर गोपनीय आख्या नहीं मांगे जाने पर रोष प्रकट किया। कहा कि पदोन्नति संबंधी आदेश को जुलाई 2020 से जनवरी 2021 तक का समय व्यतीत हो गया है, लेकिन अब तक निदेशालय स्तर से प्रधान सहायक से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी स्तर तक पदोन्नति के लिए गोपनीय आख्या नहीं मांगी गई है। इससे कर्मचारियों को काफी आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। इस मौके पर एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष नगेंद्र कुमार जोशी, सचिव रवींद्र पांडेय, फेडरेशन सचिव जीवन चंद्र ओली, महेश पांडेय, धीरेंद्र भंडारी, विनीत कुमार, गजेंद्र गिरि, प्रभाकर दीक्षित, शोबन सिंह, संतोष उप्रेती, प्रकाश सिंह देव, भुवन चंद्र जोशी, मुकेश जोशी, श्याम प्रथोली आदि भी समर्थन में अनशन में बैठे।
शीघ्र मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी
पिथौरागढ़। विभिन्न मांगों को लेकर एजुकेशनल मिनिस्टीरियल कर्मियों ने सरकार के खिलाफ क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। मंगलवार को क्रमिक अनशन शुरू करते हुए एजुकेशनल मिनिस्टीरियल कर्मियों ने कहा कि वे पिछले छह माह से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी, प्रधान सहायकों के पदों के साथ ही बीमार और पारिवारिक स्थिति खराब होने वाले कर्मियों के पदोन्नति स्थल संशोधित करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर संयुक्त मंत्री एसएस जोशी, संतोष पुनेठा, हरीश चंद्र भट्ट, पंकज खोलिया सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।