अश्लील वीडियो क्लीपिंग बनाकर प्रेमिका के वैवाहिक जीवन में आग लगाने के आरोपी का घर फूंकने के लिए धारचूला में सैकड़ों लोगों की भीड़ निकल पड़ी। भीड़ ने आरोपी की दुकान का शटर तोड़कर सामान सड़क पर फैंक दिया। इससे पुलिस प्रशासन के हाथपांव फूल गए। धारचूला थाना पुलिस को स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए आसपास के थानों से पुलिस फोर्स बुलानी पड़ी। मामले को देखते हुए देर शाम को पुलिस अधीक्षक भी धारचूला को रवाना हो गए। आरोपी युवक फरार हो गया है।
देहरादून में एक विवाहिता ने धारचूला निवासी जीसान नामक युवक पर उसे विश्वास में लेकर उसे हवश का शिकार बनाने का आरोप लगाया था। विवाहिता के अनुसार युवक ने उसके अश्लील फोटो भी लिए थे। जिसके बल पर वह उसे डराकर बार बार संबंध बनाता रहा। एक साल पूर्व उसकी शादी विदेश में नौकरी करने वाले युवक से हुई। इससे नाराज जीसान ने विवाहिता के पति को अश्लील फोटो भेज दिए। इसके बाद पति ने उसे घर से बाहर कर दिया। विवाहिता की शिकायत पर देहरादून में आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
इधर बुधवार को जैसे ही इस मामले की जानकारी धारचूला क्षेत्र के लोगों को हुई इससे आक्रोश फैल गया। देर शाम को सैकड़ों की संख्या में लोग आरोपी का घर फूंकने के लिए निकल पड़े। भीड़ के आक्रोश को देखते हुए थाना पुलिस के हाथपांव फूल गए। थाना पुलिस के जवानों ने भीड़ को बमुश्किल रोका। इसके बाद आक्रोशित भीड़ जीसान की दुकान पर पहुंची और बंद दुकान का शटर तोड़कर सामान सड़क पर फैंक दिया। दो समुदायों से जुड़ा मामला होने के कारण आसपास के थानों से भी पुलिस फोर्स बुलाई गई। आरोपी युवक फरार हो गया है। खबर लिखे जाने तक सड़कों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा थी। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए देर शाम को पुलिस अधीक्षक रामचंद्र राजगुरु भी धारचूला के लिए रवाना हो गए हैं।