चंपावत। नगर के रोडवेज स्टेशन परिसर में रविवार को आयोजित साप्ताहिक किसान हाट में स्थानीय उत्पादों की धूम देखने को मिली। इस बार हाट में सबसे अधिक मांग ताजे मक्के की रही, जिसे खरीदने के लिए खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। काश्तकारों ने करीब 15 हजार रुपये का कारोबार किया।
तिलवाड़ा के काश्तकार रमेश राम के लाए गए 90 किलो मक्के में से 50 किलो मक्का हाट शुरू होने के मात्र एक घंटे के भीतर ही हाथों-हाथ बिक गया। खरीदारों का कहना था कि मक्का पौष्टिक और ऊर्जा का एक बेहतरीन स्रोत है, साथ ही पाचन तंत्र को स्वस्थ रखने में मददगार होता है।
मक्के के अलावा पर्वतीय क्षेत्र की प्रसिद्ध बद्री गाय के मट्ठे की भी जमकर खरीदारी हुई। हाट में बद्री गाय का 152 लीटर मट्ठा 20 रुपये प्रति लीटर की दर से बिका। नियमित ग्राहकों ने बताया कि यह मट्ठा स्वादिष्ट होने के साथ-साथ काफी हल्का और सुपाच्य होता है।
प्याज व खीरा 30-30 रुपये प्रति किलो
ककड़ी 100 रुपये प्रति किलो, प्याज व खीरा 30-30 रुपये प्रति किलो, टमाटर 40 से 50 रुपये प्रति किलो, लहसुन 100 रुपये प्रति किलो, मूली, बैंगन और बंदगोभी 40-40 रुपये प्रति किलो। शिमला मिर्च 70 रुपये प्रति किलो की दर से बेची गई।
किसानों में उत्साह
किसान हाट में ग्राम खर्क कार्की के काश्तकार संतोष राम शिमला मिर्च, सुरेश मूली, बंदगोभी, बैंगन, टमाटर और ककड़ी लेकर पहुंचे। बनलेख के चंद्रमणि जोशी और प्रेम बल्लभ ने शहद का स्टॉल लगाया। चौकी के दीवान सिंह लिंयूड़े प्याज, ढकना बडोला की पार्वती भंडारी, दूधपोखरा के प्रकाश चंद्र जोशी नाशपाती, आलू, प्याज, लहसुन तथा च्यूरा खर्क के सुधीर खर्कवाल सेब, टमाटर और खीरा लेकर किसान हाट में पहुंचे। स्थानीय लोगों ने ताजा और जैविक उत्पादों की खरीदारी कर किसानों का उत्साह बढ़ाया।