पिथौरागढ़ महादेव धारे से पानी भरते लोग।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय में हुड़ेती पंपिंग पेयजल योजना दो विभागों के पेंच में फंस गई, जिस कारण जीआईसी क्षेत्र के लोगों को पेयजल के लिए दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। बावजूद इसके लोगों की समस्या के समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं।
जल निगम ने दो साल पहले महादेव स्रोत से पाइप लाइन डालकर हुड़ेती पेयजल पंपिंग योजना का निर्माण किया था, लेकिन जल संस्थान को योजना हस्तांतरण नहीं होने से कई बार लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। दोनों विभागों की लड़ाई में जनता पानी के लिए संघर्ष करती नजर आ रही है। इस लड़ाई के कारण दो दिन से जनता को पानी नहीं मिला। बृहस्पतिवार से पंप नहीं चलने के कारण जीआईसी की जनता को पानी नहीं मिल पाया। हालांकि जल संस्थान ने बजेटी पेयजल योजना से पानी की वैकल्पिक व्यवस्था की थी।
दो साल पूर्व पेयजल योजना का निर्माण कर दिया गया था, लेकिन जल संस्थान योजना को ले नहीं रहा है। जल संस्थान ही लोगों को पेयजल आपूर्ति कर रहा है। जल संस्थान के टैंक में जल निगम भी पानी डालता है। पानी क्यों ने नहीं आ रहा ये जल संस्थान ही बता सकता है। -आरएस धर्मशक्तू, ईई, जलनिगम पिथौरागढ़।
----------
हुड़ेती पंपिंग पेयजल योजना में हस्तांतरण की कार्रवाई चल रही है। प्रक्रिया पूरी होते ही जल संस्थान पेयजल आपूर्ति करेगा। अभी योजना जल निगम के पास ही है। अशोक कुमार, ईई जल संस्थान पिथौरागढ़।