पिथौरागढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अलर्ट और संभावित आपदा परिस्थितियों के मद्देनजर मंगलवार शाम को डीएम विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में आपदा प्रबंधन कोर कमेटी की बैठक हुई। जिला आपदा प्रबंधन कक्ष में हुई बैठक में डीएम ने 15 अगस्त तक सभी अधिकारियों की छुट्टी पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आपदा प्रबंधन उपकरणों की उपलब्धता, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और आईटीबीपी की ब्लॉकवार तैनाती, आश्रय स्थलों में व्यवस्थाओं की जानकारी ली। आपदा प्रबंधन अधिनियम के अंतर्गत संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। डीएम ने आईटीबीपी और एसएसबी के कमांडरों से संपर्क कर उनकी तैयारी और क्विक रिस्पॉन्स क्षमता की जानकारी हासिल की। साथ ही, शिक्षा विभाग को जनपद के स्कूलों में उपलब्ध हॉलों की सूची तैयार कर आपदा के दौरान उपयोग के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
खाद्य एवं पूर्ति विभाग को ईंधन, खाद्य सामग्री की उपलब्धता की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा। निर्माण संस्थानों को भी सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों से भी व्यक्तिगत रूप से वार्ता कर तैयारियों की समीक्षा की और तत्काल कार्रवाई योग्य दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में एसपी रेखा यादव, सीडीओ डॉ. दीपक सैनी, एडीएम योगेंद्र सिंह, सीईओ हरक राम कोहली, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेश महर सहित लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, राजस्व, ग्रामीण विकास सहित सभी प्रमुख विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।