पिथौरागढ़ के केएनयू जीआईसी में परीक्षा देते विद्यार्थी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तराखंड बोर्ड के दूसरे दिन हाइस्कूल की परीक्षा भी नकलविहीन और शांतिपूर्ण संपन्न हुई। अलबत्ता संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस बल की मौजूदगी में छात्रों ने परीक्षा दी।
जिले में मंगलवार को हुुई हाइस्कूल हिंदी की परीक्षा में 8073 छात्र-छात्राएं पंजीकृत थे। परीक्षा के लिए 94 केंद्र बनाए गए थे। सभी केंद्रों पर सुबह 10 से दोपहर एक बजे के बीच परीक्षा हुई। एहतियातन जिले के 16 संवेदनशील केंद्रों पर पुलिस का पहरा रहा। पिथौरागढ़ संकलन केंद्र से जुड़े 38 केंद्रों पर 2940 ने परीक्षा दी, जबकि 55 अनुपस्थित रहे। इसी तरह बेड़ीनाग के 25 केंद्रों पर 2197 ने परीक्षा दी, जबकि 43 अनुपस्थित रहे।
डीडीहाट संकलन के 31 केंद्रों की परीक्षा के नतीजे देर शाम तक नहीं मिल सके हैं। मुख्य शिक्षाधिकारी वीपी सिमल्टी ने बताया कि कहीं से भी किसी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली। न ही कोई नकल करता पकड़ा गया। इधर, प्रश्न पत्र आसान आने से छात्रों के चेहरे खिले नजर आए। बोर्ड परीक्षा में जिला स्तर पर गठित चार सचल दस्तों ने दिनभर 15 केंद्रों पर छापेमारी की। इनमें मुख्य शिक्षाधिकारी, जिला माध्यमिक शिक्षाधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और डाइट प्राचार्य के सचल दस्ते शामिल थे।