पिथौरागढ़। पहाड़ों में हेरोइन सप्लाई करने वाले आरोपी को पुलिस ने यूएसनगर जिले के रुद्रपुर से गिरफ्तार किया है। उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
विज्ञापन
एसपी रेखा यादव ने बताया कि बीते जनवरी में 5.94 ग्राम और फरवरी में 116.73 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों से पूछताछ में पता चला था कि तराई विहार कॉलोनी, रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर का रहने वाला समीर मलिक हेरोइन का मुख्य सप्लायर है। उसने ही दोनों आरोपियों को हेरोइन उपलब्ध कराई थी। इस पर समीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया गया था।
कई बार समन भेजने के बाद भी आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हुआ था। न्यायालय ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया था। पुलिस ने सोमवार को रुद्रपुर कोतवाली के रम्पुरा क्षेत्र से आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी से पूछताछ में तस्करी के संबंध में कुछ जानकारियां मिली हैं। पूरी चेन खंगालकर नशा तस्करी में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।