पिथौरागढ़। नैनीसैनी हवाई पट्टी पर सोमवार को हेलिकॉप्टर के आने की उम्मीद है। पवन हंस का हेलिकॉप्टर तीन दिन से मेंटेनेंस में था। इस कारण हेली सेवा का संचालन 30 अप्रैल तक बंद किया गया था। मेंटेनेंस के दौरान कंपनी ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग भी बंद कर दी थी।
हेलीसेवा का संचालन रविवार को नहीं होता है। इस बीच, मेंटेनेंस पूरा होने के बाद कंपनी ने हेली सेवा संचालन के लिए ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू कर दी है। दो यात्रियों ने देहरादून के लिए टिकट भी बुक कर लिया है। यदि आसमान में दृश्यता सही रही तो देहरादून से यात्रियों को लेकर हेलिकॉप्टर नैनीसैनी हवाई पट्टी पर पहुंचेगा। नैनीसैनी हवाई पट्टी से अक्तूबर 2021 से पवन हंस की हेली सेवा का संचालन किया जा रहा है। हालांकि किराया आठ हजार रुपये होने के कारण लोगों के लिए ये सेवा काफी महंगी साबित हो रही है। इसलिए लोगों ने विमान सेवा भी शुरू करने की मांग की है।
हेलिकॉप्टर सेवा का संचालन सोमवार से नियमित रूप से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू हो गई है। दो यात्रियों ने पिथौरागढ़ से देहरादून के लिए टिकट भी बुक कर लिया है। - कविंद्र कुमार, प्रभारी, पवन हंस कंपनी, नैनीसैनी पिथौरागढ़।