फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pithoragarh News: पिथौरागढ़ में तीन लाख महिलाओं का स्वास्थ्य सिर्फ दो विशेषज्ञों के भरोसे

Wed, 30 Sep 2026 11:00 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़। भले ही देश और प्रदेश में महिला सशक्तीकरण के दावे हो रहे हैं लेकिन सीमांत जिले में हकीकत इससे उलट है। जिले में महिलाओं का स्वास्थ्य रामभरोसे है। अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि जिले की तीन लाख महिला आबादी का स्वास्थ्य सिर्फ दो विशेषज्ञों के भरोसे है। स्वीकृति के बाद भी किसी भी सीएचसी में महिला रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं हुई है। ऐसे में जिले भर की महिलाओं के लिए छोटी-बड़ी बीमारी के इलाज, जांच के लिए 50 से 120 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय के चक्कर काटना मजबूरी है।
विज्ञापन

सीमांत जिले के धारचूला, गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, मुनस्यारी, डीडीहाट सीएचसी में महिला रोग विशेषज्ञ का पद तो स्वीकृत किया गया है लेकिन आज तक इनकी तैनाती नहीं हुई। इन अस्पतालों में रोजाना डेढ़ हजार से अधिक महिलाएं छोटी-बड़ी बीमारी और अपनी निजी समस्याएं लेकर पहुंचतीं हैं। महिला रोग विशेषज्ञ न होने से महिलाओं के लिए पुरुष डॉक्टरों से समस्याएं साझा करना मुश्किल होता है। ऐसे में महिलाएं परेशान हैं। सिर्फ जिला महिला अस्पताल में तैनात दो महिला रोग विशेषज्ञ पर ही जिले की महिलाओं के इलाज की जिम्मेदारी है। ऐसे में किसी भी महिला मरीज को इलाज के लिए तो गर्भवती को जांच से लेकर प्रसव कराने के लिए महिला जिला अस्पताल पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
महिला रोग विशेषज्ञ होते तो प्रसव के लिए रेफर नहीं होतीं गर्भवतियां
सभी सीएचसी में प्रसव की सुविधाएं हैं। क्षेत्र की अधिकतर महिलाएं सबसे पहले प्रसव के लिए स्थानीय सीएचसी पहुंचती हैं। महिला रोग विशेषज्ञ न होने से स्वास्थ्य कर्मी अधिकतर गर्भवतियों को गंभीर बताकर हायर सेंटर रेफर कर रहे हैं। आपातकालीन सेवा 108 से मिले आंकड़ों के मुताबिक, बीते एक साल में गंगोलीहाट, बेड़ीनाग, डीडीहाट, मुनस्यारी, धारचूला सीएचसी से 450 से अधिक गर्भवतियों को प्रसव के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन

सीएमओ, डॉ. जेएस चुफाल ने बताया कि महिला रोग विशेषज्ञ के रिक्त पदों की सूचना शासन को भेजी है। विशेषज्ञों की तैनाती शासन स्तर पर ही संभव है। हर सीएचसी, पीएचसी में प्रसव की सुविधा है। वहां तैनात प्रशिक्षित कर्मियों को स्थानीय स्तर पर प्रसव कराने के निर्देश दिए गए हैं। उम्मीद है जल्द जिले में महिला रोग विशेषज्ञों की तैनाती होगी।
73 गर्भवतियों का हुआ अल्ट्रासाउंड
पिथौरागढ़। महिला अस्पताल में गर्भवतियों के लिए अल्ट्रासाउंड शिविर लगा। इसमें मुनस्यारी, धारचूला, गंगोलीहाट, डीडीहाट, बेड़ीनाग सहित अन्य हिस्सों से बड़ी संख्या में गर्भवतियां अल्ट्रासाउंड कराने के लिए पहुंचीं। भीड़ अधिक होने से गर्भवतियों को अपनी बारी का लंबा इंतजार करना पड़ा। रेडियोलॉजिस्ट डॉ. राम बाबू ने बताया कि 73 गर्भवतियों का अल्ट्रासाउंड किया गया। गंगोलीहाट से पहुंचीं रेशमा, डीडीहाट की हेमलता, धारचूला की मंजू आदि ने कहा कि स्थानीय स्तर पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा होती तो उन्हें 50 से 90 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय नहीं पहुंचना होता।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें