पिथौरागढ़/अस्कोट। सीमांत जिले में विजया दशमी और हरेला पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने बच्चों और बुजुर्गों के हरेला सिरोधार्य करा कर उनके दीर्घ व सुखी जीवन की कामना की।
हरेला पर्व पर घरों में मीठे पकवान बनाकर उन्हें इष्ट देवता को अर्पित किया गया। देवता का हरेला चढ़ाकर बाद में परिजनों के सिर में हरेला रखा। साथ ही नवरात्र पर नौ दिन के उपवास में रहे श्रद्धालुओं ने पंडितों से पारायण कराया। उधर, अस्कोट के मंदिरों में नवरात्रि जागरण करने वाले श्रद्धालु पारायण कर अपने घरों को लौट आए हैं। इस मौके पर मंदिरों में भंडारा आयोजित किया गया। श्री मल्लिकार्जुन महादेव मंदिर, हुष्कर, छुरमल देव, कालसिन, बालछिन, महाकाली मंदिर में भजन-कीर्तन किए गए।