मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। हीरा देवी भट्ट विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज मुनस्यारी की पूर्व छात्रा अल्का रौतेला ने विद्यालय को एक लाख रुपये भेंट किए हैं। उन्होंने यह धनराशि विद्यालय के संसाधनों के विकास के लिए दिए हैं। अल्का रौतेला सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। वर्तमान में वह अल्फा फाइव ट्रेडिंग लिमिटेड गुरुग्राम हरियाणा में कार्यरत हैं।
बुधवार को वह अपने परिवार के साथ पिता विनोद सिंह रौतेला, माता रेखा रौतेला तथा छोटे भाई लक्ष्य रौतेला के साथ विद्यालय में पहुंची। अल्का रौतेला विद्यालय के शैक्षिक वातावरण तथा अन्य क्रियाकलापों से प्रभावित हुईं। उन्होंने विद्यालय के संसाधनों में विकास के लिए एक लाख रुपये का चेक सौंपा। विद्यालय के प्रधानाचार्य नवीन चंद्र शर्मा ने पूर्व छात्रा अलका रौतेला का विद्यालय को सहयोग देने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्या भारती के पूर्व छात्रों का संस्थान को आगे बढ़ाने में अतुलनीय योगदान मिल रहा है। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के प्रबंधक मंगल सिंह मर्तोलिया, अध्यक्ष प्रमोद कुमार द्विवेदी, कोषाध्यक्ष मनोज सिंह सयाना, राकेश कुमार पांडेय, आचार्य त्रिलोक कोटाल, अंगद सिंह, गणेश धामी मौजूद रहे।