पिथौरागढ़ में डीएसओ को निर्देशित करते डीएम डा.विजय कुमार। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ शहर में सबसे अधिक भीड़ सिलिंडर के लिए उमड़ रही है। बृहस्पतिवार को भी वितरण स्पॉट में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसको देखते हुए प्रशासन सख्त हो गया है। डीएम ने पूर्ति विभाग और गैस एजेंसियों को सिलिंडरों की होम डिलीवरी करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार से यदि कोई सिलिंडर भराने के लिए सड़कों में घूमता नजर आया तो उसे पुलिस के डंडे खाने होंगे।
कोरोना की आशंका को देखते हुए लॉक डाउन में लोगों को भीड़भाड़ न जुटाने को कहा जा रहा है। इसके बावजूद पिथौरागढ़ नगर में लोग सिलिंडर भराने के लिए घरों से निकल रहे हैं। बृहस्पतिवार को भी जीआईसी, लिंक रोड, लाशघर रोड सहित अन्य वितरण स्पॉट पर सैकड़ों लोग सिलिंडर लेकर पहुंच गए। नगरपालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत ने इसे गंभीर बताते हुए प्रशासन से होम डिलीवरी कराने की मांग की। निरीक्षण में गए डीएम डा.विजय कुमार जोगदंडे इतनी भीड़ देखकर नाराज हो गए। उन्होंने लोगों से खाली सिलिंडर लेकर स्पॉट में न आने को कहा। उन्होंने कहा कि गैस एजेंसी घरों में सिलिंडर उपलब्ध कराएगी। सिलिंडरों की होम डिलीवरी सायं चार बजे तक होगी। डीएम ने कहा है कि गैस की किल्लत नहीं है। प्लांट से सिलिंडरों की नियमित आपूर्ति हो रही है। सिलिंडरों की बुकिंग के लिए 8650002569, 9690880133, 9412169702 और 05964-225370 पर संपर्क कर सकते हैं।
खरीदारी कर 10 बजे घर पहुंच जाएं
पिथौरागढ़। डीएम डा.विजय कुमार जोगदंडे ने लोगों से कोरोना से बचने के लिए निर्देशों का पालन करने को कहा है। उन्होंने लोगों से राशन, दूध,फल,सब्जी अपने घरों के पास वाले मोहल्लों की दुकानों से ही सुबह सात बजे से 10 बजे के बीच खरीदने को कहा है। उन्होंने सामान खरीदने के लिए पैदल ही जाने और 10 बजे तक घरों में लौटने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि के बाद घूमते पाए गए तो आईपीसी की धारा 188 तथा 271 के अंतर्गत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बाहर से आने वाले खाद्यान्न का रहेगा रिकार्ड
पिथौरागढ़। जिले में खाद्य आपूर्ति के जितने भी थोक व रिटेल विक्रेता हैं उनके द्वारा बाहर से लाई जा रही खाद्य सामग्री और सब्जी का रिकार्ड रखा जाएगा। डीएम के निर्देश पर पूर्ति विभाग की दो टीम तैयार कर एंचोली पुलिस चौकी और राइआगर पुलिस चौकी में पूर्ति निरीक्षक के नेतृत्व में तैनात करने के निर्देश जिला पूर्ति अधिकारी को दिए हैं। डीएम ने पंपों में डीजल पेट्रोल की कमी न हो इसका भी ध्यान रखने को कहा है।