अस्कोट बाजार में शार्ट सर्किट से लगी आग बुझाता दमकल कर्मी।
- फोटो : PITHORAGARH
अस्कोट (पिथौरागढ़)। अस्कोट बाजार में शॉर्टसर्किट से नमकीन की दुकान में आग लग गई। इस कारण दुकान में रखा लाखों का सामान जल गया।
गनीमत रही कि समय रहते पता चलने से बड़ा हादसा होने से बच गया। आग नियंत्रित न होने पर आसपास के मकानों को भी खतरा हो जाता। घटना का कारण शॉर्टसर्किट माना जा रहा है।
अस्कोट बाजार में व्यापारी महेश जोशी पिछले साल से नमकीन बनाने का कारोबार कर रहे थे। शनिवार को वह दुकान बंद कर घर चले गए। रविवार तड़के सुबह चार बजे उन्हें फोन आया कि उनकी दुकान में आग लग गई है।
इसलिए वह आनन-फानन दुकान की तरफ रवाना हुए। वहां पहुंच कर देखा तो दुकान से आग की लपटें निकल रही थीं। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पांच बजे करीब एसआई जसबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
आग की सूचना अग्निशमन की टीम को भी दी गई। इसके बाद पुलिस और स्थानीय लोग आग बुझाने में जुट गए। मौके पर पहुंचे दमकल वाहन की मदद से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
व्यापारी महेश ने बताया कि दुकान में रखी नमकीन, मैदे के कट्टे समेत ढाई लाख का सामान जल गया। महेश समेत देवल ग्रामसभा निवासी भवन स्वामी गगन सिंह खत्री ने भी मुआवजे की मांग की है।