धारचूला में दुकानों से पॉलिथीन जब्त करते पालिका के अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
नगरपालिका ने सोमवार को यहां पॉलिथीन और थर्माकोल से बनी सामग्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया और पॉलिथीन की थैलियां रखने पर आठ दुकानदारों से 7700 रुपये का जुर्माना वसूला। पालिका ने धारचूला नगर में एक सप्ताह से पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चला रखा है। कैलाश मानसरोवर यात्रा के इस बेस पड़ाव में यात्रा शुरू होने से पहले पॉलिथीन पूरी तरह समाप्त करने का लक्ष्य रखा गया है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रीकांत के नेतृत्व में आज सुबह कई दुकानों की चेकिंग की गई। कई दुकानों में अभी भी पॉलिथीन की थैलियां मिली। पालिका के अधिकारियों ने सख्त चेतावनी दी है कि व्यापारी खुद ही पॉलिथीन की थैलियों को हटा लें वरना उनको जुर्माना और अन्य कठोर कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। ईओ ने बताया कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
पालिका के चेकिंग अभियान से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। इधर, व्यापार संघ ने व्यापारियों से अपील की है कि पॉलिथीन की थैलियों का प्रयोग न करें। यदि इस मामले में प्रशासन या पालिका कोई कार्रवाई करेगी तो व्यापार संघ साथ नहीं देगा। चेकिंग अभियान में जीवंती जोशी समेत अन्य कर्मचारी थे। पालिका ने अगले चरण में कस्बों में भी अभियान चलाने का फैसला लिया है। नगरपालिका ने एक वर्ष पूर्व धारचूला नगर को पॉलिथीन मुक्त करने का संकल्प पारित किया था, लेकिन इसमें व्यापारियों की ओर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिला।