बेड़ीनाग में विजेता टीम ट्राफी के साथ। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। द्वितीय शिव शक्ति टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता का खिताब रोबो 11 ने अपने नाम किया है। विजेता टीम को एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार और ट्रॉफी दी गई। टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर विश्व एकादश के सचिन डांगी को मैन ऑफ द सीरीज और 90 रन की पारी खेलने वाले सौरभ को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बेड़ीनाग डिग्री कॉलेज मैदान में सोमवार को पिथौरागढ़ क्रिकेट संघ से मान्यता प्राप्त द्वितीय शिव शक्ति टी 20 क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी विश्व एकादश ने 50 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद सौरभ और सचिन डांगी ने 53 रन की साझेदारी कर स्कोर 103 रन तक पहुंचाया। 28 रन के निजी स्कोर पर सचिन के आउट होने के बाद अंतिम ओवरों में सौरभ (90*) और पवन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए टीम का स्कोर 190 रन तक पहुंचाया। रोबो 11 के नीरज सौन, प्रदीप कार्की ने 2-2, अजय, देवेंद्र ने 1-1 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी रोबो 11 ने भी 14 रन पर स्कोर पर अपने दो बल्लेबाज खो दिए। इसके बाद देवेंद्र कुंवर (53 रन) और प्रदीप कार्की (35रन) ने समझदारी से खेलते हुए टीम का स्कोर बढ़ाया। 114 रन पर पांच विकेट गिरने के बाद चंदन और जीवन ने आक्रामक रुख अपनाया और 35-35 रन की नाबाद पारी खेलकर 18.4 ओवर में टीम को पांच विकेट से जीत दिलाई।
समापन समारोह में ब्लॉक प्रमुख विनीता बाफिला, डॉ. सिद्धार्थ पाटनी, बीडीओ जगदीश प्रसाद, जिला ओलम्पिक संघ पिथौरागढ़ के सचिव ललित पंत, जिला पंचायत सदस्य नंदन बाफिला, डीपीओ मनरेगा कुलदीप बोहरा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया। मैच से पहले शिव शक्ति क्लब के संयुक्त सचिव राहुल खम्पा के आकस्मिक निधन पर 2 मिनट का शोक कर श्रद्धांजलि दी गई।