आकर्षक झांकी के साथ शनिवार से मुनस्यारी महोत्सव शुरू हो गया है। तीन दिन तक चलने वाले महोत्सव के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने महोत्सव का उद्घाटन करते हुए कहा कि लोगों को स्वस्थ मनोरंजन के लिए यह आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के माध्यम से स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस बार इस महोत्सव को सरकारी घोषित किया गया है। अब हर साल इसी तरह महोत्सव आयोजित होते रहेंगे।
श्री धामी ने स्थानीय प्रशासन विशेषकर एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा की मेहनत की सराहना करते हुए कहा कि विपरीत मौसम के बावजूद महोत्सव की तैयारी को समय पर पूरा कर लिया गया। इससे पहले मुख्य बाजार से आयोजन स्थल तक छलिया दलों के साथ भव्य झांकी निकली। उद्घाटन कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत ने कहा कि मुनस्यारी बेमिसाल पर्यटन स्थल है। इस तरह की गतिविधियों से पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा मिलेगा। विधायक प्रतिनिधि हीरा सिंह चिराल ने कहा कि आयोजन के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलेगी। आयोजन स्थल पर विभिन्न सरकारी विभागों के स्टाल लगे हैं। श्री धामी ने स्टालों का निरीक्षण किया। शाम से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हो गए हैं। स्थानीय कलाकारों के अलावा बाहरी जिलों से आने वाली टीमें कार्यक्रम पेश करेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व मुख्य सचिव डा. आरएस टोलिया ने आयोजन की सराहना की। इस मौके पर एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा, जगत महर, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनोहर टोलिया, हरीश उप्रेती, देवसिंह बोरा, उषापति द्विवेदी, तारा पांगती, पर्वतारोही रीना कौशल धर्मशक्तू, श्रीराम धर्मशक्तू समेत तमाम लोग थे। कड़ाके की ठंड के बावजूद कार्यक्रम देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है।