नाचनी (पिथौरागढ़)। दुलियाबगड़ रायां बजेता निर्माणाधीन सड़क निर्माण में विस्फोटक का प्रयोग किया जा रहा है। विस्फोट से पहाड़ी के बोल्डर गांव के लिए खतरा बने हुए हैं।
गोलगांव के मनोहर सिंह बिष्ट और दयान सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण में कार्यदायी संस्था एनपीसीसी और ठेकेदार मनमानी कर रहे हैं। राया की पहाड़ी में विस्फोट के कारण नीचे बसे गोलगांव के करीब 12 परिवारों के आवास खतरे में है। बोल्डरों से पैदल रास्ते और पेयजल लाइन टूट गई हैं। पिछले दिनों एक वाहन भी बोल्डरों की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया था।
ग्रामीणों ने खतरे की सूचना थाना पुलिस को दे दी है। इधर एनपीसीसी के अधिशासी अभियंता अभिषेक यादव ने बताया कि ब्लास्टिंग के साथ सड़क निर्माण का कार्य रोक दिया गया है। उन्होंने बताया कि वायर क्रेट करने के बाद ब्रेकर से सड़क कटिंग का कार्य शुरू किया जाएगा। संवाद