पिथौरागढ़। छह सूत्री मांगों को लेकर गौरव सेनानी और वीरांगनाएं एसडीएम कार्यालय धारचूला में धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा लंबे समय से भूतपूर्व सैनिक और वीरांगनाएं जायज मांगों को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
बैठक में गौरव सेनानियों और वीरांगनाओं ने कहा कि बलुवाकोट में बना गौरव सेनानी जन मिलन केंद्र वर्ष 2013 की आपदा में बह गया था। उन्होंने इसके पुनर्निर्माण, बलुवाकोट में एलोपैथिक चिकित्सालय खोलने, उपनल के माध्यम से भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों को रोजगार दिलाने, सैनिकों के गांव तक सड़क पहुंचाने, सीएसडी कैंटीन से प्रत्येक माह की 20 तारीख के बजाय पांच तारीख को सामान देने और छियालेख के बजाय जौलजीबी को इनरलाइन बनाने की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को पूरा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी न होने पर 30 जनवरी से एसडीएम कार्यालय में धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।