पाटी (चंपावत)। मुख्यमंत्री की घोषणा के तीन साल बीतने के बावजूद पाटी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण की मांग पूरी नहीं हो पाई है। तीन साल पूर्व मां वाराही धाम देवीधुरा में आयोजित ऐतिहासिक बगवाल मेले के दौरान सीएम ने पाटी अस्पताल के उच्चीकरण की घोषणा की थी। इसके बाद क्षेत्रवासियों में अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की उम्मीद जगी थी लेकिन अब तक घोषणा धरातल पर नहीं उतर पाई है।
अस्पताल के उच्चीकरण की मांग के लिए पाटी मुख्यालय के स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों की ओर से कई बार धरना-प्रदर्शन भी किए जा चुके हैं। इसके अलावा शासन-प्रशासन के समक्ष भी मांग उठाई जाती रही है। हर बार लोगों को आश्वासन तो मिला लेकिन अस्पताल के उच्चीकरण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।
उच्चीकरण नहीं होने से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। क्षेत्र की बड़ी आबादी उपचार के लिए इसी अस्पताल पर निर्भर है। पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण मरीजों को गंभीर बीमारियों और आपातकालीन परिस्थितियों में लोहाघाट, चंपावत और अन्य बड़े अस्पतालों की दौड़ लगानी पड़ती है। सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शासन स्तर पर उच्चीकरण की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
पाटी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और दूरस्थ गांवों से अस्पताल की दूरी को देखते हुए यहां स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार बेहद जरूरी है।
बसंत बलराज पाटनी, सभासद जौलाड़ी
-
मुख्यमंत्री की घोषणा को धरातल पर उतारते हुए अस्पताल का शीघ्र उच्चीकरण करने और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है।
प्रकाश सिंह बिष्ट क्षेत्र पंचायत सदस्य, भुम्वाड़ी
-
पूर्व में उच्चीकरण के लिए लोगों के साथ मिलकर आंदोलन किया था, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। उच्चीकरण होने से लोगों को फायदा होता।
-दिनेश मेहता, सामाजिक कार्यकर्ता, पाटी