उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षा में मेरिट में स्थान पाने वाले कई बच्चे गरीब परिवारों से ताल्लुक रखते हैं। इंटर की परीक्षा में जिले में पहला स्थान और प्रदेश में 17वां स्थान पाने वाले मुनस्यारी के जोशा गांव निवासी मोहित कुंवर के पिता दीवान सिंह कुंवर घर पर रहकर ही खेतीबाड़ी करते हैं। इंटर की मेरिट में 22वां स्थान पाने वाले विनोद चंद्र पाठक के पिता रमेश चंद्र पाठक अपने गांव दशौली में रहकर कृषि कार्य करते हैं। इंटर की मेरिट में 21वां स्थान बनाने वाली मेघा कार्की के पिता का पहले ही निधन हो गया था। वह मुवानी के दिगरा गांव से यहां आकर सरस्वती बालिका विद्या मंदिर में पढ़ रही हैं।
हाईस्कूल की मेरिट सूची में 15वां स्थान पाने वाले विपिन सिंह दानू के पिता कमान सिंह दानू धारचूला में छोटा सा होटल चलाते हैं। हाईस्कूल की मेरिट में 23वीं रैंक प्राप्त देवेश पंत के पिता कौस्तुभानंद पंत भी घर में खेतीबाड़ी का काम करते हैं। डीडीहाट ग्लोरियल हाईस्कूल के छात्र जितेश कन्याल के पिता ध्यान सिंह कन्याल ठेकेदारी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। जितेश ने 21वीं रैंक हासिल की है। इसी विद्यालय के छात्र हिमांशु डसीला के पिता राजेंद्र डसीला प्राइवेट टैक्सी चलाकर परिवार को पालते हैं। हिमांशु को 23वीं रैंक मिली।
मजदूरों के मेट हैं कमला के पिता
पिथौरागढ़। ज्ञानदीप हाईस्कूल की छात्रा कमला बोरा को हाईस्कूल की मेरिट में 22वां स्थान मिला है। मूल रूप से नेपाल के बजांग जिला निवासी कमला ने यह साबित कर दिया कि वह पढ़ाई में कहीं पीछे नहीं है। हरजीत का परिवार यहां कृष्णापुरी मोहल्ले में रहता है। माता लक्ष्मी देवी कमला को पढ़ने के लिए प्रेरित करती रहती हैं।
बारातों में ढोल बजाकर पा लिए अच्छे अंक
मुनस्यारी। दरांती निवासी स्व. मोहन लाल के बेटे मनोज कुमार, उसी गांव के भीम राम का बेटा चंद्र राम और उसका भाई बलवंत कुमार बारातों के समय ढोल बजाने का काम करते हैं। जब बारातों से बुकिंग आती है तो वह स्कूल से छुट्टी ले लेते हैं। मनोज ने इस बार इंटर में 60 प्रतिशत, चंद्रराम ने 54 प्रतिशत और बलवंत ने हाईस्कूल में द्वितीय श्रेणी में परीक्षा पास कर ली। दरांती के समाजसेवी धर्मेंद्र कुमार, बबलू लोहनी ने इन बच्चों की प्रतिभा की तारीफ की है।
मुनस्यारी विवेकानंद विद्या मंदिर ने फिर जमाया सिक्का
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। विवेकानंद विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने लगातार दूसरी बार उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा में सिक्का जमाया है। वर्ष 2015 की बोर्ड परीक्षा में इसी विद्यालय की सौम्या श्रीवास्तव ने प्रदेश की मेरिट सूची में दूसरा स्थान पाया था, इस बार इसी विद्यालय के सचिन घींघा ने चौथा स्थान प्राप्त किया है।