पिथौरागढ़ ब्लड बैंक में रक्तदान करते कर्मचारी।
- फोटो : PITHORAGARH
‘जवानी में खून देंगे, बुढ़ापे में पेंशन लेंगे’ कार्यक्रम के तहत जिले के युवा कर्मचारियों ने जिला अस्पताल के रक्तकोष में 10 यूनिट रक्तदान किया। अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों को सेना की तर्ज पर पेंशन देने की मांग उठाई।
पुरानी पेंशन बहाली मंच के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह लुंठी की अगुवाई में जिला अस्पताल के रक्तकोष पहुंचे कर्मचारियों ने रक्तदान किया। लुंठी ने कहा कि वह लोग पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्ष कर रहे हैं। सरकार ने 2005 के बाद सरकारी सेवा में आने वाले कर्मचारियों के साथ ही अर्द्ध सैनिक बलों के जवानों की पेंशन भी बंद कर दी है।
मंच के वरिष्ठ सदस्य नवीन पाठक ने कहा कि अर्द्ध सैनिक बलों में तैनात कर्मी अपनी बात नहीं उठा सकते, इसलिए राजकीय कर्मचारी उनकी मांगों को उठा रहे हैं। पुरानी पेंशन बहाली के लिए वह लोग तमाम मंचों में अपनी बात उठा रहे हैं। रक्तदान भी इसी अभियान का हिस्सा है।
रक्तदान करने वालों में मंच के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र लुंठी, नवीन पाठक, राजेंद्र राणा, राजेंद्र धामी, भुवन तिवारी, धीरज ओझा, विक्रम भंडारी, चंद्र प्रकाश जोशी, अरविंद द्विवेदी, एनएस रौंकली शामिल थे। जिला रक्तकोष प्रभारी डॉ. नरेंद्र शर्मा ने रक्तदान से होने वाले फायदे और प्रतिदिन होने वाली रक्त की खपत की जानकारी दी।