धारचूला के पांगू गांव में स्टालों का निरीक्षण करते कुमाऊं आयुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। कुमाऊं आयुक्त अरविंद सिंह ह्यांकी की अध्यक्षता में प्राथमिक पाठशाला पांगू में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें सीमांत धारचूला तहसील की तीनों घाटियों व्यास, चौदास और दारमा में विभिन्न विभागों की तरफ से किए जा रहे विकास कार्यों में आ रही समस्याओं और भविष्य में तीनों घाटियों में संभावित विकास को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ ही स्थानीय जनता मौजूद रही। बैठक में मुख्य तौर पर तीनों घाटियों के हर गांव में स्थानीय लोगों को स्वरोजगार प्रदान करने, उनकी आजीविका के संवर्धन के लिए योजना तैयार करने को लेकर विभागवार चर्चा की गई। क्षेत्र में तीनों घाटियों में कलस्टर बेस पर स्थानीय गांवों में उत्पादन की संभावना को देखते हुए बागवानी के अतिरिक्त पर्यटन के क्षेत्र में कार्य करने को कहा गया। आयुक्त ने तीनों घाटियों में पर्यटन के साथ ही लघु उद्योगों की स्थापना को लेकर हर गांव का सर्वेक्षण कर अगले तीन माह में एक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश उद्योग विभाग को दिए।
बैठक में जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने कहा कि क्षेत्र की तीनों घाटियों में आजीविका संवर्धन के लिए योजनाबद्ध तरीके से विभिन्न विभागों के माध्यम से योजनाएं तैयार की जा रही है, जिससे क्षेत्रीय जनता को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा। आयुक्त ने कहा कि आगामी माइग्रेशन के बाद व्यास और दारमा घाटी में भी कार्यशाला और शिविर का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र की जो भी समस्या प्राप्त होती है, उनका निस्तारण, समाधान समय पर करें। उन्होंने अधिकारियों से अनिवार्य रूप से क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश दिए।