पिथौरागढ़ में एसडीम, रिटर्निंग अधिकारी, तहसीलदारों को ईवीएम,वीवीपैट का प्रशिक्षण देते अधिकारी।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। जिला सभागार में एसडीएम, रिटर्निंग अधिकारी, तहसीलदार, सहायक रिटर्निंग अधिकारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को निर्वाचन, ईवीएम, वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में उपस्थित अधिकारियों को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने सभी रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी और निर्वाचन आयोग को जारी आरओ हैंडबुक का ठीक से अध्ययन करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन को पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न करवाना है। निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की गलती क्षमा नहीं होती है। विधानसभा निर्वाचन के लिए सभी रिटर्निंग अधिकारी एक चेकलिस्ट तैयार कर उसके अनुसार कार्य करें। निर्वाचन के दौरान अधिकारी कर्मचारी का व्यवहार जनता के प्रति बेहतर हो और निष्पक्षता कार्य में दिखनी चाहिए।
एडीएम, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफआर चौहान ने सभी अधिकारियों को निर्वाचन के दौरान प्रत्याशी के नामांकन, नामों की वापसी, प्रतीक चिह्न आवंटन आदि की जानकारी दी। डीएफओ कोको रोसे, एसडीएम धारचूला अनिल कुमार शुक्ला, गंगोलीहाट सुंदर सिंह, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. पंकज जोशी आदि रहे।