Efforts to provide communication facility in villages adjacent to China and Nepal border intensified
पिथौरागढ़। चीन और नेपाल सीमा से सटे दूरस्थ क्षेत्रों में संचार सुविधा पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। रिलायंस जियो के माध्यम से ऐसे सभी संचार विहीन क्षेत्रों का सर्वे किया जा रहा है। जल्द ही यहां पर लोगों को बेहतर संचार सुविधाएं मिलेंगी।
जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने बुधवार को वर्चुअल माध्यम से जियो कंपनी के अधिकारियों की बैठक लेते हुए नेटवर्क विहीन गांव क्षेत्रों में संचालित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कंपनियों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में मोबाइल टावर लगाने की स्वीकृति दी गई है, उनको तत्काल स्थापित करना सुनिश्चित करें। कहा कि ऊपरी क्षेत्रों या किसी विवाद वाले स्थानों पर प्रशासन के सहयोग की आवश्यकता है, तो उसकी जानकारी संबधित एसडीएम को दें। जियो के अधिकारी ने बताया कि 12 साइट पर काम लगभग पूरा हो गया है और अगले दो महीने में ये टावर कार्य करने लगेंगे। धारचूला से आगे रांथी तक फाइबर लाइन बिछा दी गई है, जिसे सोबला तक पहुंचाने का कार्य चल रहा है। बताया कि अप्रैल माह में 105 अन्य गांव-क्षेत्रों में सर्वे का काम भी शुरू किया जाएगा।