निलंबित शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग
- फोटो : अमर उजाला
सीईओ से अभद्रता और उन्हें धमकाने के आरोपी निलंबित शिक्षक और उसके साथियों की गिरफ्तारी न होने से आक्रोशित एजुकेशनल मिनिस्टीरियल कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए उपवास रखा। इस दौरान उन्होंने सीईओ कार्यालय के बाहर धरना देते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
बुधवार को मिनिस्टीरियल कर्मियों ने उपवास रख धरना देते हुए कहा कि निलंबन के बाद चंपावत में संबद्ध शिक्षक अपने साथियों को लेकर पिथौरागढ़ पहुंचा और सीईओ पर बहाली का दबाव बनाते हुए उनसे अभद्रता की। आरोपियों के खिलाफ तहरीर देने के लंबे समय बाद भी उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई है। बाहरी व्यक्तियों के सीईओ को धमकाने के बाद विभागीय कर्मियों में डर का माहौल है। कहा आरोपियों की गिरफ्तारी न होना चिंता का विषय है।
ये पढ़ें- Pithoragarh: भाजपा घर-घर चलाएगी सदस्यता अभियान, प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य और पांच सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य
चेतावनी देते हुए कहा जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरेंगे। धरना देने वालों में संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा, सचिव नवीन चंद्र पाठक, प्रांतीय अध्यक्ष सौरभ चंद, नवीन पाठक, ज्योति कुमार पांडे, अमित चंद, पंकज खोलिया, संजय पंत, हरीश सेठी, प्रेम गिरी, दीपक कोहली, धीरज परिहार, विमल, तनुजा आदि शामिल रहे।